अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में महिलाओं को ड्रोन संचालन की जानकारी देतीं ललिता। स्रोत: स्वयं।
उन्नाव। बैंकर ग्रामीण विकास संस्थान (बीआईआरडी) की ओर से लखनऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में बीघापुर की ड्रोन दीदी ललिता ने प्रतिभाग किया। उन्होंने देश-विदेश से आईं महिलाओं से अनुभव सांझा किए। इसके साथ ही उनको ड्रोन संचालन की बारीकियां भी बताईं।
ड्रोन दीदी के नाम पहचान बनाने वाली बीघापुर तहसील क्षेत्र के गांव सथनीबालाखेड़ा की रहने वाली ललिता करीब डेढ़ साल में बीघापुर से बांगरमऊ तक जाकर एक हजार से अधिक एकड़ में बोई गई आलू, मक्का, केला, धान, गेहूं आदि फसलों में इफ्को नैनो डीएपी व यूरिया के साथ कीटनाशकों का छिड़काव कर चुकी हैं। वह जिले की एकमात्र महिला हैं, जो ड्रोन का संचालन करती हैं। इसी कारण पिछले दिनों लखनऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में प्रतिभाग करने का मौका मिला। यहां देश-विदेश से काफी संख्या में महिलाएं आई थीं। ललिता ने ड्रोन संचालन से जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी। कई महिलाओं ने ड्रोन संचालन की बारीकियां भी सीखीं। ललिता ने बताया कि कार्यशाला में उनको भी काफी कुछ सीखने को मिला। विदेशों से आई महिलाओं से उनके देश में खेती-किसानी को लेकर भी बातचीत की।