पाटन। साधन सहकारी समिति भटखेरवा सुमेरपुर में बिना नंबर खाद देने पर किसान ने विरोध किया तो मारपीट की गई। इस पर किसान ने महिलाओं और अन्य किसानों के साथ मिलकर बिहार-बक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद किसान शांत हुए और जाम खोला। इस दौरान कई किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गईं।
बृहस्पतिवार को सुमेरपुर की भटखेरवा साधन सहकारी समिति में सचिव अंकुर सिंह खाद वितरण कर रहे थे। क्षेत्र के पुरंदरपुर निवासी अनूप खाद लेने पहुंचे। अनूप ने बताया कि खाद वितरण के समय सचिव के साथ काम कर रहा एक व्यक्ति किसानों से गालीगलौज कर रहा था। इसी बीच बिना नंबर के बाहरी युवक को खाद देने लगा। उन्होंने वीडियो बनाकर विरोध किया तो उस व्यक्ति ने फोन करके साथियों को बुलाकर मारपीट की। इसके बाद भाग निकले।
मारपीट की घटना से नाराज अनूप के साथ आई महिलाओं एवं अन्य किसानों ने बिहार-बक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अविनाश मिश्रा व थाना प्रभारी बिहार राहुल सिंह ने किसानों और महिलाओं से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। इस दौरान करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी ।
इफ्को के केंद्र पर खाद के लिए उमड़ी किसानों की भीड़
बीघापुर। हाईवे के किनारे प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र इफ्को बाजार पर बृहस्पतिवार को खाद की उम्मीद में करीब 100 किसान सुबह से ही पहुंच गए। किसान विष्णु कुमार यादव ने बताया कि आलू, सरसों और चना की बोआई का पीक समय चल रहा है। डीएपी की जरूरत है लेकिन कम स्टॉक आने से पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है।
किसान उमा शंकर लोधी ने बताया कि केंद्र पर खाद निर्धारित मूल्य पर 1350 रुपये में मिल रही है। इसी कारण सभी किसान इफ्को केंद्र पर आ रहे हैं। प्रगतिशील किसान राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्टॉक कम आने से केवल एक-दो बोरी ही दी जा रही है, जिससे दोबारा आना पड़ रहा है। इफ्को केंद्र संचालक अभिषेक सिंह का कहना है कि जितनी खाद की रैक आ रही है, उसी हिसाब से वितरण किया जा रहा है। मांग ज्यादा होने से भीड़ बढ़ रही है। जल्द ही और रैक आने की उम्मीद है।