आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक को लेकर जाते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : ARchive
उन्नाव। कूटरचित दस्तावेजों से प्रभावशाली लोगों द्वारा जमीन हड़पने और पुलिस के न सुनने से नाराज युवक ने डीएम कार्यालय के बाहर डीजल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत पकड़ लिया और एडीएम के पास ले गए। एडीएम ने मामले की जानकारी होने पर जांच के लिए चार सदस्यों वाली टीम गठित की है।
सदर तहसील के गांव अकबरपुर दबौली निवासी मोहन द्विवेदी सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे डीएम कार्यालय बोतल में डीजल लेकर पहुंचे। कार्यालय के अंदर पहुंचते ही खुद पर डीजल डालना शुरू कर दिया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे रोकते हुए पकड़ लिया। इसके बाद एडीएम कार्यालय ले गए।
पीड़ित ने बताया कि कूटरचित दस्तावेजों से शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी एक ब्लॉक प्रमुख के भाई सहित अन्य लोगों ने जमीन हड़प ली है। भूमि पर कब्जा भी कर लिया है। जेसीबी से भूमि की खुदाई करा रहे हैं। उस पर खड़े पेड़ों को यूपी-112 पुलिस टीम के सामने ही कटवाकर गायब कर दिया है। जब वह विरोध करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और जमीन खरीदने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
मामले की जानकारी होने पर एडीएम तुरंत माखी पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे और हो रहे काम को रुकवा दिया। एडीएम (वित्त/राजस्व) सुशील कुमार गोंड ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी है। जांच पूरी होने तक विवादित भूमि पर किसी प्रकार के कार्य होने पर रोक लगा दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गोशालाओं में अव्यवस्थाओं का आरोप लगा किया प्रदर्शन
उन्नाव। गोशालाओं में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए गोसेवक शिवम रावत ने कलक्ट्रेट में बीच सड़क में बैठकर प्रदर्शन किया। गोसेवक ने बताया कि कई गोशालाओं में गोवंश को खराब चारा दिया जा रहा है। कई गोशालाओं में भी कीचड़ भरा है। गोवंश को न हरा चारा दिया जा रहा है और न ही शुद्ध पानी। इससे मवेशी मर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एडीएम ने बताया कि गोसेवक की बात सुनी गई है। जल्द गोशालाओं की व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन दिया गया है। (संवाद)