उन्नाव। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन शुरू हो गया है। डायट व डीएसएन कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। इसमें 477 छात्र-छात्राओं को नीट, सिविल सेवा, एसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।
प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सिविल सेवा (प्रा), राज्य सिविल सेवा (प्रा), नीट/जेईई/एनडीए एवं एसएससी (एक दिवसीय परीक्षा) की छात्र-छात्राओं को निशुल्क तैयारी कराती है। इस योजना में छात्र-छात्राओं के चयन के लिए आवेदन की प्रक्रिया मई से शुरू हुई थी जो 30 जून तक चली थी। इस दौरान 477 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा तैयारी के लिए आवेदन किया था। अब इनको कोचिंग देने की शुरुआत हो गई है। शहर के डीएसएन कॉलेज व डॉयट परिसर में कक्षाएं संचालित होने लगी हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय ने बताया कि कक्षाएं शुरू हो गई हैं। अभी भी इच्छुक छात्र प्रवेश ले सकते हैं।