परियर। गंगा के बढ़ रहे जलस्तर को लेकर एडीएम व एसडीएम ने परियर क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाट जाने वाले रास्ते, बाढ़ आश्रयस्थल व निर्माणाधीन पुलिया का कार्य देखा। अधिकारियों को जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सदर तहसील क्षेत्र के परियर में निर्माणधीन पुलिया व घाट को जाने वाले रास्ते के निरीक्षण को मंगलवार शाम एडीएम सुशील कुमार गोंड व एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा पहुंचे। परियर-बिठूर रोड पर पुलिया निर्माण के लिए बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर भरे पानी व गड्ढों में सिल्ट डालकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिया निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए।
माना बंगला पहुंच कर सावन में चलने वाली कावड़ यात्रा को लेकर पहले ही घाट को जाने वाले रास्ते को दुरुस्त करने को कहा। बाढ़ पीड़ितों के लिए जानकीकुंड में प्रस्तावित आश्रय स्थल का निरीक्षण कर वहां की साफ सफाई, बिजली, पानी की सुविधा को पहले से ही तैयार रखने के निर्देश लेखपाल प्रदीप कमल को दिए।
एडीएम ने कहा कि बाढ़ आने पर पीड़ितों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए ब्लाक, राजस्व कर्मियों, गोताखोरों व नाव आदि की पहले से ही लिस्ट तैयार करके उन्हें सजग रहने को कह दें। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार मनीष द्विवेदी, दीपचंद्र, शैलेंद्र सोनवानी सहित अन्य ब्लाक व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
फोटो-33-कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग के कटान का निरीक्षण करते सीओ। स्रोत: पुलिस
कटान मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से करें बंद
फतेहपुर चौरासी। सीओ सफीपुर ने मंगलवार को कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग के कटान का निरीक्षण किया। सीओ दीपक यादव ने कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर गंगा पुल के पहले हुए कटान का निरीक्षण किया। एसओ से कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटान के पास से आवागमन पूर्णतः बंद किया जाए। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए मौके पर पिकेट लगा दी गई है। (संवाद)