सफीपुर। सकहन राजपूतान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाला मार्ग बारिश से दलदल में तब्दील हो गया है। मंगलवार को भी रास्ते में फैला कीचड़ सूख नहीं पाया। इससे चिकित्सक व मरीज जान जोखिम में डालकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
रोशननगर मार्ग से सकहन राजपूतान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाला कच्चा रास्ता करीब डेढ़ किमी लंबा है। सकहन मुसलमानान, गहोली, सराय, हमजापुर, नीबीगड़ा, एतबारपुर व रोशननगर सहित 25 गांव की 25 हजार की आबादी के बीच अकेले इस पीएचसी जाने वाला मार्ग आज तक पक्का नहीं हो सका है। फार्मासिस्ट राजकुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों की बारिश से यह रास्ता पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो गया है। वाहन की तो बात छोड़िए पैदल पहुंचना मुश्किल हो गया।
मंगलवार को चिकित्सक व अन्य स्टाफ को पैदल ही दलदल से होकर जाना पड़ा। आठ मरीज भी जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य केंद्र दवा लेने पहुंचे। बताया कि बारिश का अभी लंबा समय है। आने वाले दिनों में तो अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। बताया कि एसडीएम के अलावा मुख्य विकास अधिकारी को समस्या से अवगत कराकर अस्पताल तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग बनवाए जाने की मांग की जा चुकी है पर कहीं सुनवाई नहीं हुई। विधायक बंबालाल दिवाकर ने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना से सकहन राजपूतान से रोशन नगर तक तीन किलोमीटर मार्ग का निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फोटो-31-बारिश से कटा हुआ हसनापुर चौराहा संपर्क मार्ग। संवाद
दो दिन की बारिश से कट गया हसनापुर चौराहा संपर्क मार्ग
गंजमुरादाबाद। दो दिन की बारिश से हसनापुर चौराहा संपर्क मार्ग कट गया। हसनापुर से हसनापुर चौराहा तक एक किमी डामरीकृत मार्ग अब काफी पुराना हो जाने से क्षतिग्रस्त हो गया है। सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश से यह मार्ग मंदिर के पास कट गया। इससे आवागमन में खतरा बढ़ गया है। हसनापुर निवासी राजबहादुर कटियार, सरोज कटियार, पप्पू, गुड्डन कटियार, विनीत कटियार, सुशील कटियार, बराती और मकबूल आदि ने मरम्मत कराने की मांग की। विधायक श्रीकांत कटियार ने बताया कि यह मार्ग जिला पंचायत से करीब दस वर्ष पहले बना था। मरम्मत कराने की जिम्मेदारी जिला पंचायत की ही है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।