फोटो-18- बृहस्पतिवार शाम हुई रिमझिम बारिश के दौरान में शहर की सड़क से गुजरता बाइक सवार। संवाद
उन्नाव। पांच दिन बाद आधे घंटे की तेज बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इससे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।
10 जुलाई को आखिरी बार बारिश हुई थी। इसके बाद से जनपद में झमाझम बारिश न होने लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आ रहे थे। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई और मौसम ठंडा हो गया। इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि 17 से 19 जुलाई के बीच बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
फोटो-19
मुख्य मार्ग के किनारे बना नाला चोक, सड़क पर बह रहा पानी
अचलगंज। बारिश शुरू होते ही मुख्य मार्ग के किनारे बना नाला चोक हो गया है और पानी सड़क पर बह रहा है। नगर पंचायत के लोहचा से तिराहे तक जलनिकासी के लिए मुख्य सड़क के किनारे इसी वर्ष नाले का निर्माण कराया गया था। जल्दबाजी में नाले का लेवल ठीक से नहीं किया गया, जिससे बहाव की ओर उसकी सतह ऊंची हो गई। अब बारिश शुरू होते ही पानी के साथ बहकर आने वाली सिल्ट जम गई तो नाला उफना गया। निकासी अवरुद्ध होने के कारण उसका पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर फैल गया। इससे एक तरफ आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। अधिशाषी अधिकारी शालिनी त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही नाले में पड़ी सिल्ट की सफाई कराई जाएगी।