सफीपुर। सीएचसी मियागंज में खांसी, बुखार से पीड़ित मरीज की मौत हो गई। परिजन ने शव अस्पताल के गेट पर रखकर डॉक्टर पर बाहर से जांच, दवा लिखने और गलत इलाज करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। विवाद बढ़ता देख डॉक्टर मौके से हट गए। पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव मियागंज के मोहल्ला बगिया निवासी राकेश (38) तीन दिन पूर्व खांसी व बुखार की दवा लेने सीएचसी मियागंज आया था। आरोप है कि डॉक्टर ने बाहर की जांच व दवाइयां लिखीं। आराम न मिलने पर मां बृहस्पतिवार को राकेश को फिर लेकर सीएचसी पहुंची। उसी डॉक्टर ने फिर से बाहर से करीब दो हजार रुपये की जांच व दवाइयां लिख दीं और राकेश को ड्रिप चढ़वा दी। इसके बाद राकेश की हालत बिगड़ती चली गई और कुछ ही घंटों में मौत हो गई।
राकेश की मौत के बाद परिजन ने डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाते हुए शव को सीएचसी गेट पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर अस्पताल से चले गए। राकेश मजदूरी करता था। पत्नी सीमा पति से विवाद पर करीब एक पहले मायके चली गई थी। उसके दो पुत्र लक्की व आरके हैं। मां कमला व बहन आशा सहित सभी परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाल ली है। तहरीर मिलती है तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
फोटो-18-राकेश (फाइल फोटो)