फोटो-21-जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ फाइनल में पहुंची डीसीए ब्लू टीम के खिलाड़ी
उन्नाव। शुक्लागंज के सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए अंडर-12 जनपदीय लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में डीसीए ब्लू ने ग्रीन को सुपर ओवर में हराकर फाइनल में जगह पक्की की। शानदार 63 रन बनाने वाले कार्तिक शुक्ल को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-12 जनपदीय क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को डीसीए ग्रीन तथा ब्लू के मध्य मैच खेला गया। ग्रीन टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के मैच में आठ विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। इसमें युवराज यादव ने सर्वाधिक 61 रनों का योगदान दिया। ब्लू की ओर से गेंदबाजी करते हुए अखिल ने तीन, रूद्र ने दो तथा अक्षय कुमार व प्रबल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ब्लू की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 105 रन बनाए। बल्लेबाज कार्तिक शुक्ल ने 63 रन बनाए। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लू टीम ने 11 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ग्रीन की टीम एक रन ही बना सकी। डीसीए ब्लू ने सुपर ओवर जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के महामंत्री पीके मिश्रा, साकिर हुसैन, संदीप मिश्रा व प्रदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।