फतेहपुर चौरासी। कठिघरा गांव में प्रधान ने चार तालाबों में खुद के खर्च से पानी भरवाया। इससे पशु-पक्षियों की प्यास बुझ सकेगी।
ब्लॉक फतेहपुर चौरासी की ग्राम पंचायत कठिघरा में चारों दिशा में डेढ़ से दो बीघा क्षेत्रफल के तालाब हैं। गर्मी में ये तालाब सूख जाते हैं। ग्राम प्रधान कुलदीप यादव ने बताया कि पिछले कई साल से परिवार के लोग सभी चारों तालाबों में खुद के खर्च से पंपसेट के जरिए पानी भरवाते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवार से कोई प्रधान हो या न हो, पशु-पक्षियों के लिए हर साल तालाब भरवाया जाता है। इस पर करीब 16 हजार रुपये खर्च होते हैं। पूर्व प्रधान संतोष कुमार ने बताया कि कठिघरा गांव के उत्तर दिशा के तालाब से 200 मीटर दूर डडिया सुनौरा में वन विभाग का 100 बीघे से बड़ा जंगल है। जंगल के पशु पक्षी के लिए यह तालाब बहुत लाभकारी सिद्ध होता है।