अचलगंज। पूरा दिन इंतजार करने के बाद भी 150 उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी। लोग खाली सिलिंडर लेकर घर लौट गए।
अचलगंज स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए सुबह सात बजे से ही लोग पहुंच गए थे। गैस लेने के लिए यहां पर सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। लोगों की लाइन सड़क तक पहुंच गई थी। शाम चार बजे तक वितरण हुआ। इसके बाद सिलिंडर खत्म होने की जानकारी दी गई तो लाइन में लगे 150 लोग मायूस होकर लौट गए।
उधर, एजेंसी प्रबंधक मोहित दीक्षित ने बताया कि 200 सिलिंडर की आपूर्ति हुई थी। जबकि 350 लोगों को वितरण की डेट दी गई थी। सिलिंडर कम आने से सभी को गैस उपलब्ध नहीं हो पाई। अगले दिन इन लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। कई बार आपूर्ति मिल नहीं पाती तो उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ जाती है।
फोटो-23
खाली सिलिंडर लेकर वापस लौटना पड़ा
उपभोक्ता राजनरायन ने बताया कि सिलिंडर मिलने की आज की तारीख दी गई थी। सुबह ही लाइन में लग गए थे। शाम चार बजे पता चला कि गैस खत्म हो गई है। अब खाली सिलिंडर लेकर घर वापस जा रहे हैं।
फोटो-24
पूरा दिन होता है बर्बाद, शाम को मिलती है मायूसी
कमलेश ने भी बताया कि 13 अप्रैल की तारीख दी गई थी लेकिन आने के बाद पता चला कि आज नहीं मिल पाएगी। अब फिर मंगलवार को बुलाया है। सोमवार को पूरा दिन बर्बाद गया। मंगलवार को गैस मिल पाएगी, इसको लेकर भी अभी संशय है।
सिलिंडर न आने से लौटे 190 लोग
पुरवा। कस्बा स्थित भारत गैस एजेंसी में सिलिंडर न आने से 190 लोग लौट गए। उपभोक्ताओं में राम सनेही, बिमला, बिनीता, राजू, मतोले व काशी ने बताया कि गैस लेने आए थे लेकिन लोड न आने की नोटिस चस्पा था जबकि बुकिंग पहले की है फिर भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी संचालक विजय कुमार ने बताया कि सिलिंडर न आने से वितरण नहीं हो सका। संवाद