उन्नाव। चार साल में 1.24 लाख महिला मतदाता कम हो गई हैं। वर्ष 2022 के चुनाव में 10.45 लाख महिला वोटर थीं, अब संख्या कम होकर 9.20 लाख रह गई है। इसके पीछे का कारण वर्ष 2003 सूची से संबंधित माता-पिता की मतदाता की जानकारी उपलब्ध न करा पाना रहा। इससे बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम काटे गए हैं।
वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में वोटरों की संख्या 22,86,979 थी। इसमें महिला मतदाता 10,45,578 थीं। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में वोटरों की संख्या घटकर 20,33,438 हो गई। महिला वोटरों की संख्या भी घटकर 9,20,750 हो गई। पिछले चार साल में महिला मतदाताओं की संख्या में 1,24,828 की कमी आई है।
निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों के मुताबिक एसआईआर में वर्ष 2003 से अक्तूबर 2025 की मतदाता सूची का मिलान कराया गया है। इसमें वोटरों से 2003 के मतदाता से संबंधित जानकारी ली गई है। शादीशुदा महिलाओं से मायके पक्ष के पिता-माता या दादा-दादी का 2003 का रिकॉर्ड मांगा गया। काफी संख्या में महिलाएं इसे उपलब्ध नहीं करा पाईं। इसी कारण इनकी ऑनलाइन मैपिंग नहीं हो सकी। इससे अंतिम मतदाता सूची से नाम कट गया और संख्या में कमी आ गई।
इंसेट-1
विधानसभावार पिछले चार साल में महिला वोटरों की संख्या
विधानसभा वर्ष 2022 वर्ष 2026
बांगरमऊ 1,63,102 1,44,646
सफीपुर 1,55,487 1,38,875
मोहान 1,57,316 1,40,416
सदर 1,86,889 1,60,488
भगवंतनगर 1,91,649 1,66,285
पुरवा 1,91,135 1,70,040
कुल 10,45,578 9,20,750