फोटो-25- तालाब में स्नान के लिए मौजूद श्रद्धालु। संवाद
नवाबगंज। कस्बे के दुर्गा मंदिर के पास लगने वाले चैतवर मेले के दूसरे दिन भारी भीड़ उमड़ी। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने परंपराओं के अनुसार तालाब में स्नान किया। मेला क्षेत्र में ही भोजन तैयार करने के साथ रात्रि प्रवास भी किया। कस्बा रात भर माता के जयकारों से गूंजता रहा।
शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं ने पक्के और खजुरिया तालाब में स्नान किया। इसके बाद दुर्गा और कुसुंभी स्थित कुशहरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। मेला मालिक ज्योतिरादित्य प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
बिछड़े बच्चे को सकुशल परिजनों को सौंपा
लखनऊ के देवपुर निवासी बेबी बेटे शिवराज के साथ दर्शन करने आई थीं। भीड़ में बच्चा बिछड़ गया। बच्चे को रोता देख लोगों ने मेला कमेटी कार्यालय पहुंचाया। अजगैन कोतवाली के हेड कांस्टेबल संजेश कुमार और मेला कमेटी ने परिजनों से संपर्क किया और मां को सुपुर्द कर दिया।