उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के 21,30,459 मतदाताओं की अनंतिम मतदाता सूची में मिले 10.23 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं में 99.69 फीसदी का सत्यापन पूरा हो गया है। इसमें 81,030 मतदाताओं का नाम, पिता का नाम व लिंग समान मिला है। इनको सूची से हटा दिया गया है। शेष 3105 वोटरों का सत्यापन दो दिन में पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
अगस्त 2025 से त्रिस्तरीय मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू हुआ था। बीएलओ ने 14 अगस्त से 29 सितंबर तक घर-घर जाकर निर्धारित प्रोफार्मा पर वोटरों का सत्यापन किया गया था। ऑफ व ऑनलाइन तरीके से कार्य करके एक जनवरी 2025 को 18 साल की आयु पूरी कर चुके लोगों के नाम सूची में शामिल किए थे। मृत्यु या शहरों में निवास करने वाले नाम हटाए थे। पूर्व के वोटरों में नाम सहित अन्य संशोधन भी किए गए थे। फिर इसे पोर्टल पर अपलोड किया गया था।
राज्य निर्वाचन आयोग से अपलोड की गई प्रत्येक ग्राम पंचायत की सूची का अन्य 1037 पंचायतों से मिलान कराया गया तो इसमें 10,23,367 वोटर ऐसे सामने आए जिनका स्वयं का नाम, उनके पिता का नाम व लिंग समान मिला। इस पर आयोग ने डुप्लीकेट वोटरों की इस सूची को दोबारा सत्यापन के लिए भेजा।
पिछले एक माह में 10,20,262 वोटरों से आधार के अंतिम चार अंक लेकर सत्यापन किया गया। इसमें 81,030 वोटरों का नाम, पिता व लिंग समान मिलने पर इनके नाम सूची से डिलीट कर दिए गए। शेष बचे 9,39,232 वोटरों को सही मानकर फीडिंग कर दी गई है।
इंसेट-1
ब्लॉकवार हटाए गए डुप्लीकेट मतदाता
ब्लॉक डुप्लीकेट मतदाता
बिछिया 6888
सिकंदरपुर सरोसी 5490
सिकंदरपुर कर्ण 6854
बीघापुर 4465
सुमेरपुर 5351
मियागंज 2391
औरास 3121
हसनगंज 2210
नवाबगंज 2705
पुरवा 3946
असोहा 6358
हिलौली 7127
सफीपुर 7515
फतेहपुर चौरासी 4009
बांगरमऊ 7250
गंजमुरादाबाद 5350
कुल 81030
डुप्लीकेट वोटरों में 99.69 फीसदी का सत्यापन पूरा हो गया है। इसमें 81 हजार से अधिक डुप्लीकेट मिले हैं, उनके नाम हटा दिए गए हैं। शेष का सत्यापन एक से दो दिन में पूरा हो जाएगा। वैसे सत्यापन का समय 15 मार्च तय था लेकिन निर्धारित समय सीमा से पहले ही काम पूरा होने की उम्मीद है। -वीके श्रीवास्तव, सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत/निकाय)।