फोटो-16-वेयरहाउस के बाहर से वाहन हटने के बाद खाली सड़क। संवाद
असोहा। राजधानी लखनऊ को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाले असोहा-बनी मार्ग पर दरेहटा गांव के पास दो वेयर हाउस के भारी वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े होने का पुलिस ने संज्ञान लिया। मौके पर पहुंचकर वाहनों को पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया। दरेहटा गांव के पास दो वेयरहाउस के भारी वाहन दोनों तरफ सड़क घेरकर खड़े होते हैं। इससे अक्सर जाम लगता है और हादसों का खतरा भी रहता है। अमर उजाला में मंगलवार खबर प्रकाशित होने के बाद सोहरामऊ एसओ अरविंद पांडेय ने क्षेत्रीय लोगों और वेयर हाउस के प्रबंधन के साथ बैठक की। सड़क किनारे खड़े हो रहे भारी वाहनों को पार्किंग में खड़े कराने पर सहमति बनी। इसके बाद वेयर हाउस प्रबंधन ने जुनाबगंज में भारी वाहनों की पार्किंग शुरू कराई।
क्षेत्र के लाला त्रिपाठी, दीपक बाजपेयी, आजाद सिंह, शिव मिलन, आनंद त्रिपाठी, धीरेंद्र आदि ने कहा कि अब सड़क के दोनों ओर भारी वाहन अवैध रूप से खड़े रहते थे जिससे जाम तो लगता ही था, दुर्घटनाओं की भी आशंका थी। अब हटने से राहत मिली है। एसओ ने बताया कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग न करने को कहा गया है। वेयर हाउस प्रबंधन ने पार्किंग की व्यवस्था कर ली है। यदि भविष्य में वाहन पार्क किए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।