बीघापुर। तहसील क्षेत्र के कस्बा बिहार को रायबरेली जिले के सरेनी से जोड़ने वाले मार्ग पर बजौरा गांव के सामने लोन नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड की स्लैब क्षतिग्रस्त हो गई। इससे वाहनों के आवागमन पर पीडब्ल्यूडी ने रोक लाग दी है।
बिहार-सरेनी मार्ग पर बजौरा गांव के सामने लोन नदी पर पुल बना हुआ है। इधर, गंगा एक्सप्रेसवे में लगे भारी वाहनों के आवागमन से एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई है। पुल का आखिरी पिलर टेढ़ा हो गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। प्रधान रूमा सिंह ने बताया कि इस पुल से प्रतिदिन क्षेत्र में संचालित विभिन्न विद्यालयों की 20 बसें बच्चों को लेकर आती और जाती हैं।
गांव के योगेंद्र सिंह ने बताया कि बिहार से लेकर उन्नाव जनपद की सीमा के गांव चैनपुर मवईया, दुबेपुर, कलुआखेड़ा तथा रायबरेली जनपद के कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इसके चलते पुल के जर्जर होने की सूचना पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन हरदयाल अहिरवार को दी थी। मंगलवार दोपहर जेई अविनेश कुमार पहुंचे और पुल का जायजा लिया। उन्होंने रिपोर्ट एक्सईएन को दी। रिपोर्ट के आधार पर एक्सईएन ने दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन रुकवा दिया है।