अचलगंज (उन्नाव)। करीब 14 साल पहले चकबंदी प्रक्रिया के कारण बंद किया गया हड़हा (तब ग्राम पंचायत) के भूमि गाटों का यूनिक कोड लॉक कर दिया गया था। 2023 में चकबंदी निरस्त होने के बाद भी इसे नहीं खोला गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के पत्राचार के बाद राजस्व परिषद ने इसे खोल दिया है।
वर्ष 2012 में सिकंदरपुर कर्ण ब्लाक क्षेत्र के गांव हड़हा में चकबंदी प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान सारे अभिलेख राजस्व विभाग से हस्तांतरित होकर चकबंदी विभाग को सौंप दिए गए थे। कंप्यूटर से गाटों का यूनिक कोड लॉक कर दिया गया था। इससे किसानों को खतौनी आदि लेने के लिए चकबंदी लेखपाल से हस्तलिखित दस्तावेज लेने पड़ रहे हैं। दाखिल खारिज, विरासत आदि दर्ज कराने में परेशानी हो रही है।
वर्ष 2022 में हड़हा-अचलगंज को मिलाकर नई नगर पंचायत (अचलगंज) का गठन किया गया। इस पर वर्ष 2023 में चकबंदी निरस्त होने के आदेश दिए गए थे। दस्तावेजों का हस्तांतरण व कंप्यूटर पर फीडिंग शुरू की गई लेकिन गाटों का यूनिट कोड नहीं खोला गया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद अवस्थी के यूनिक कोड को खुलवाने के मांगपत्र पर 31 जनवरी 2026 को पूर्व विधानसभाध्यक्ष ह्दयनारायण दीक्षित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि इस पत्र के बाद अब राजस्व परिषद ने यूनिक कोड अनलॉक कर दिया है। उधर, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है। हो सकता है कि अभी राजस्व परिषद ने किया हो तो एक, दो दिन में उनके कंप्यूटर पर दिखे।