फोटो-21-दो गांवों के बीच भूमि चिन्हांकन के बाद पत्थर लगाते कर्मी। स्रोत: राजस्व कर्मी।
सफीपुर। गंगा कटरी में स्थित कटरी अल्लीपुर ददलहा और रूपपुर चंदेला ग्राम सभा के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद का समाधान कराने सात सदस्यीय राजस्व टीम पहुंची। अभिलेखों के आधार पर नाप-जोख कर सीमांकन किया।
कई महीनों से ददलहा ग्रामसभा के ग्रामीण आरोप लगा रहे थे कि रूपपुर चंदेला के लोगों ने पूर्व लेखपाल से साठगांठ कर उनके गांव की सीमा में हेराफेरी कर उसे अपनी ग्राम सभा में मिलाने का आरोप लगाया था। उनका यह भी कहना था कि सफीपुर तहसील के कुछ राजस्व कर्मी इस मामले में पक्षपात कर उनकी जायज मांगों को अनदेखा कर रहे थे।
डीएम के हस्तक्षेप के बाद गठित की गई टीम में शामिल नायब तहसीलदार वैभव अग्रवाल, सर्वे लेखपाल रमेश, रवींद्रनाथ बाजपेई, सौरभ सिंह, प्रवीण पटेल, सुमित अवस्थी तथा राजस्व निरीक्षक सफीपुर कृष्णपाल सिंह मंगलवार को मौके पर पहुंचे। सभी ने अभिलेखों के अनुसार नाप-जोख कर नया सीमांकन कराया। सीमांकन के दौरान दोनों ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे। सीमांकन की कार्रवाई पूरी होने से दोनों ग्रामसभाओं के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।