फोटो-27-जांच के दौरान ग्रामीणों से जानकारी लेतीं नायब तहसीलदार प्रीती सिंह। स्रोत: ग्रामीण
सफीपुर। मियागंज विकास खंड क्षेत्र के गांव आसीवन तरफ सिद्धनाथ में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से वृद्धा सहित 60 लोगों के नाम काट देने की शिकायत पर जांच करने नायब तहसीलदार पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात की और सही दस्तावेज देने पर नाम जोड़ने का आश्वासन दिया। तब गांव के लोग शांत हुए।
ग्राम पंचायत आसीवन तरफ सिद्धनाथ के प्रधान सरवन चौरसिया ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर बताया था कि गांव में करीब 60 लोगों के नाम वोटरलिस्ट से काट दिए गए हैं। 75 साल की वृद्धा राममूर्ति को मृतक दर्शाते हुए वोट काट दिया जबकि वह जिंदा हैं। राहुल राठौर पुत्र करुणा शंकर का भी वोट काट दिया। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को हसनगंज नायब तहसीलदार प्रीति सिंह, सुपरवाइजर आशीष अवस्थी , एडीओ पंचायत प्रवीर दुबे, ग्राम विकास अधिकारी धर्मेंद्र श्रीवास्तव व अभिषेक वर्मा गांव में जांच को पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद कहा कि सही दस्तावेज देने पर सभी के नाम जोड़े जाएंगे। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
एसआईआर नोटिसों की हुई सुनवाई
बिछिया। विकासखंड के बूथ शिव प्रसाद इंटर कॉलेज में एसआईआर प्रक्रिया के तहत जारी नोटिसों के निस्तारण को शिविर लगाया गया। इसमें सीडीपीओ साजिद अंसारी ने पड़रीकला के सभी पांच बूथों के मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई की। इस मौके पर बीएलओ व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)