फोटो-1-कालूखेड़ा-कांथा मार्ग से निकलता वाहन। संवाद
उन्नाव। पुरवा तहसील क्षेत्र के अति व्यस्ततम कालूखेड़ा-कांथा मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के 13.20 करोड़ के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। मार्ग सात से बढ़कर 10 मीटर चौड़ा होने से दो जिलों का आवागमन सुलभ हो जाएगा।
वर्तमान समय में कालूखेड़ा-कांथा-मुसन्ना मार्ग की चौड़ाई सात मीटर है। यह दो लेन का मार्ग है। लखनऊ, रायबरेली को आने-जाने वाले भारी वाहन इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। रोड कम चौड़ी होने से अक्सर जाम लग जाता है। इस समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिकारियों ने चौड़ाई बढ़ाने के लिए सर्वे कराया था। इसमें 10 किलोमीटर मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था।
अब शासन ने चौड़ीकरण की मंजूरी देते हुए 13.20 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। मंजूरी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इंसेट-1
एक तरफ लखनऊ तो दूसरी ओर रायबरेली को जोड़ता है मार्ग
यह मार्ग एक तरफ लखनऊ तो दूसरी ओर रायबरेली को जोड़ता है। दो जनपदों को जोड़ने वाला यह मार्ग काफी व्यस्ततम मार्ग है। वर्तमान में इस मार्ग पर विभिन्न कंपनियों ने अपने वेयरहाउस बना लिए हैं। ऐसे में उनके यहां भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। इससे अक्सर मार्ग पर जाम लगता है। इसी कारण इसके चौड़ीकरण की तैयारी की गई है।
वर्जन...
कालूखेड़ा-कांथा-मुसन्ना मार्ग की चौड़ाई दस मीटर की जानी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। काम को पूरा करने की समयसीमा 12 माह तय की गई है। टेंडर के बाद काम शुरू कराया जाएगा। -हरदयाल अहिरवार, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीयखंड।