फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: नए साल पर जमकर किया धमाल, एक-दूसरे को दी बधाई

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। नव वर्ष 2026 का स्वागत उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। लोगों ने देर रात तक चले जश्न के साथ नए साल का पहला दिन एक-दूसरे को बधाई देते हुए बिताया। शुभकामनाओं के संदेशों का आदान-प्रदान सोशल मीडिया और फोन से दिन भर चलता रहा। कई लोगों ने दिन की शुरुआत मंदिरों में पूजा-अर्चना से की जबकि कुछ ने घर पर ही केक काटकर खुशियां मनाईं। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों निराला पार्क और पक्षी विहार में भी लोगों की भीड़ देखी गई।
विज्ञापन


धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों ने नव वर्ष की शुरुआत मंदिरों में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना से की। शहर के दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर और पूर्णादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने फल और फूल चढ़ाकर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान फूलों की दुकानों पर भी खूब रौनक रही। आमतौर पर 10-15 रुपये में बिकने वाला गुलाब 50 रुपये तक बिका। गुलदस्तों की बिक्री भी खूब हुई। लोगों ने एक-दूसरे को फूल और गुलदस्ते भेंट कर नए साल की शुभकामनाएं दीं।
आधी रात से ही शुरू हुआ जश्न का सिलसिला
नए साल का जश्न बुधवार रात 12 बजते ही शुरू हो गया था। जैसे ही घड़ी की सुइयां 12 पर पहुंचीं, लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजना शुरू कर दिया। फोन कर ''हैप्पी न्यू ईयर'' कहने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। यह सिलसिला पूरे बृहस्पतिवार को भी चलता रहा। सरकारी कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी भी एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते नजर आए।
विज्ञापन



पर्यटन स्थलों पर रही चहल-पहल, प्रकृति का आनंद

नए साल के पहले दिन कई लोगों ने परिवार के साथ पक्षी विहार का भ्रमण किया। कुछ होटल और रेस्टोरेंट में जश्न मनाने पहुंचे। युवक-युवतियां दोस्तों के साथ विभिन्न स्थानों पर नए साल के उत्साह का आनंद लेने पहुंचे। निराला पार्क में भी भीड़ रहा। बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया। डियर पार्क में हिरनों को अठखेलियां देख लोग उत्साहित दिखे।
झील के किनारे धूप का आनंद लेते हुए लोगों ने नए साल की खुशियां साझा कीं। सर्दियों के मौसम में आए प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए पर्यटकों में विशेष उत्सुकता देखी गई। लोगों ने टिकट लेकर झील का भ्रमण किया और इन विदेशी मेहमानों की तस्वीरें भी खींचीं। इसके अतिरिक्त, कई लोगों ने अपने घरों में रहकर भी नए साल का जश्न मनाया।


सुहावने मौसम ने बढ़ाई नववर्ष की खुशियां

नए साल के पहले दिन मौसम सुहावना रहा जिससे लोगों के जश्न का उत्साह दोगुना हो गया। रात में घना कोहरा छाए रहने के बावजूद, सुबह आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। पूरे दिन खिली धूप ने लोगों के मूड को और भी खुशनुमा बना दिया। इस दौरान, अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाजपा कार्यालय में हनुमान चालीसा पाठ
उन्नाव। नव वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया गया। पाठ के समापन पर हवन-पूजन और आरती की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, मौरावां कस्बे में पूर्व अध्यक्ष नवनीत शुक्ला के आवास पर सुंदरकांड का पाठ हुआ जिसमें पूर्व प्रमुख रोहित शुक्ला ने हनुमानजी का पूजन कर आरती उतारी। इसके बाद सब्जी-पूरी और बूंदी का प्रसाद बांटा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें