सफीपुर। मियागंज-सफीपुर मार्ग पर बेकाबू ई-रिक्शा से गिरकर घायल किसान को पीछे से आए एसडीएम शिवेंद्र वर्मा ने अपने सरकारी वाहन से सीएचसी पहुंचाया। घायल के परिजनों ने एसडीएम के वाहन से टक्कर का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गौरी निवासी महेंद्र त्रिवेदी (35) ई-रिक्शा से मियागंज से घर आ रहे थे। मियांगज-सफीपुर मार्ग पर मवई ब्रम्हनान गांव के पास ब्रेकर पर ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया। इससे महेंद्र गिर कर घायल हो गए। इसी दौरान वहां से निकल रहे एसडीएम शिवेंद्र वर्मा ने सरकारी वाहन से घायल को सीएचसी पहुंचाया।
घायल महेंद्र ने एसडीएम के वाहन से टक्कर लगने की जानकारी दी तो परिजनों ने मौजूद पुलिस से कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। एसडीएम के सरकारी वाहन के चालक वीरपाल ने बताया कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होने से नीचे गिर कर घायल हुए थे। पुलिस ने घायल के परिजनों को जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।