उन्नाव। धनतेरस से दिवाली तक शहर से लेकर गांवों तक को 24 घंटे बिजली देने के आदेश जारी हुए हैं। बिजली निगम ने ब्रेकडाउन की एक फोन पर मरम्मत के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया है।
सोमवार को दिवाली का त्योहार है। इस त्योहार में रोशनी का खास महत्व है। इसके लिए जगह-जगह लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। घर से लेकर सड़क तक बिजली की चकाचौंध से जगमगाएंगे। वैसे दिवाली का पंचदिवसीय उत्सव धनतेरस से ही शुरू हो जाता है। इसको देखते हुए बिजली निगम ने शनिवार से सोमवार तक निर्बाध आपूर्ति देने की तैयारी शुरू कर दी है।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जो भी मरम्मत व पेड़ छंटाई के कार्य चल रहे थे, वह रोक दिए गए हैं। अब कार्य त्योहार बाद होंगे। धनतेरस से दिवाली तक 24 घंटे बिजली दी जाएगी। वैसे अभी तीन दिन का आदेश आया है। उम्मीद है कि आदेश दो दिन का और बढ़ जाएगा। भाईदूज तक भरपूर बिजली दी जाएगी।
इंसेट-1
तीन कर्मचारी रिजर्व, ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था
त्योहार में बिजली व्यवधान न डाले इसके लिए निगम ने विशेष तैयारियां भी की हैं। लोकल फाल्टों पर लगाम लगाने के लिए ढीले तारों को कसा गया है। ओवरलोड ट्रांसफार्मरों के लिए अलग से ट्राॅली ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था की गई है। वहीं ब्रेकडाउन को तुरंत अटेंड करने के लिए निगम की ओर से शहर में तीन अतिरिक्त कर्मचारियों की रिजर्व रखा गया है। कहीं भी ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायत पर तुरंत ट्राॅली ट्रांसफार्मरों को लगाकर आपूर्ति कराई जाएगी।