सफीपुर। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग के जोनस्तरीय क्रिकेट ट्राॅयल में 67 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें टीमें बनाकर ट्राॅयल मैच कराया गया। इसमें एक विकेट से जीत हासिल कर महात्मा गांधी इंटर काॅलेज के खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
महात्मा गांधी इंटर काॅलेज मैदान में सोमवार जोनस्तरीय टीम के चयन के लिए ट्राॅयल हुआ। बांगरमऊ के सुभाष इंटर कॉलेज से 12 छात्रों ने प्रतिभाग किया। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के 55 छात्रों ने ट्राॅयल दिया। दोनों कालेज के खिलाड़ियों की टीमें बनाकर चयनकर्ताओं ने क्रिकेट मैच कराया। पहले बैटिंग करते हुए बांगरमऊ की टीम ने जीत के लिए सफीपुर को 122 रन का लक्ष्य दिया। बांगरमऊ की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में तीन विकेट होकर 121 रन बनाए। सूरज ने सर्वाधिक दो छक्कों की मदद से 35 रनों का योगदान दिया।
सफीपुर की तरफ से अभिषेक व अर्जुन ने एक, एक विकेट लिया। महात्मा गांधी इंटर कालेज की टीम ने अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर 122 रन का सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल किया। इसमें अलीम मंसूरी ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। तेज गेंदबाज आकाश ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। चयनकर्ताओं ने दोनों टीमों की ओर से अच्छा प्रदर्शन करने वाले 15 सदस्यों का टीम में चयन किया। इस दौरान महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनीष कुमार, सुभाष इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक गौरव कुमार, जय सिंह, कुलदीप कुमार, सुरेंद्र पाल व कुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे।