मौरावां। रामपुर गांव में शटरिंग का सामान छोड़कर लौट रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर गांव के बाहर चकरोड पर अनियंत्रित होकर पलटते हुए एक खेत में चल गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि साथ रहे दो श्रमिक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव शिवराजखेड़ा निवासी नीरज कुमार यादव (38) ट्रैक्टर चालक थे। बुधवार की शाम सात बजे रामपुर गांव शटरिंग का सामान उतारने गए थे। वहां से लौटते समय रामपुर से संदाना की ओर चकरोड पर मुड़ते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट कर खेत में चला गया। चकरोड काफी सकरा होने और खेत में कटीले तार लगे होने से चालक उसी में फंस गया और ट्रैक्टर के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। साथ रहे श्रमिक रामपुर गांव निवासी अंकित कुमार (28) और बख्तौरीखेड़ा निवासी बच्चूलाल (25) घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को रायबरेली के बछरावां स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मां गंगावती ने बताया कि नीरज पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत से मां, पत्नी मीना देवी, बच्चों में पुष्पेंद्र और जीतू बेहाल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नीरज काफी मिलनसार था। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।