चकलवंशी। ईंट भट्ठे पर पर तैनात चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत मामले में बुधवार को पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें हृदयगति रुकने से मौत की बात सामने आई।
माखी थाना क्षेत्र के बौनामऊ गांव निवासी विनोद सिंह उर्फ बब्बी (45) का शव मंगलवार शाम घर से एक किलोमीटर दूर अजय भट्ठा पर पड़ा मिला था। विनोद वहीं चौकीदारी के साथ मजदूरी करते थे। मौत के बाद वहां तैनात मुनीम मौके से भाग निकला था। परिजनों ने इस पर नाराजगी जताते हुए मामले को संदिग्ध बताया था। बुधवार को वीडियोग्राफी के बीच पैनल में शामिल जिला महिला अस्पताल के डॉ. विशाल मोहन सक्सेना और डॉ. पवन कुमार ने शव का पोस्टमार्टम किया, उसमें हृदयगति रुकने से मौत की बात सामने आई है। आरोप प्रत्यारोप होने से एहतियात के तौर पर हृदय को सुरक्षित किया गया है।
थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में हृदयगति रुकने से मौत की बात सामने आई है, लेकिन मौत के बाद मुनीम का भगना और भट्ठा मालिक का परिजनों से मुलाकात न करना गलत है। इसी से थोड़ी और दिक्कत हुई।