विजेता खिलाड़ियों के साथ कोच कुशमेश कुमार। स्रोत: खिलाड़ी
उन्नाव। पं. मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम प्रयागराज में आयोजित 70वीं प्रदेशस्तरीय विद्यालयीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद के खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते।
प्रतियोगिता 30 अक्तूबर को शुरू हुई थी जो तीन नवंबर तक चलेगी। इसमें खेलो इंडिया एथलेटिक्स सेंटर की खिलाड़ी प्रशिष्टि ने 80 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक तथा 4×100 मीटर रिले दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। सेंटर के खिलाड़ी मिथुन ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक और 4×100 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इसी माह आयोजित होने वाले नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयन हो गया।
खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच कुशमेश कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सब्बरवाल ने दोनों पदक विजेताओं को बधाई दी है।