देवरिया में खेतों में बोई धान की फसल में भरा पानी। संवाद
गंजमुरादाबाद। बाढ़ के एक महीने बाद भी प्रभावित गांवों के खेतों में अभी भी पानी भरा है। इसके चलते खेतों में पकी धान की फसल नहीं कट पा रही है। खेत खाली न होने से किसान आलू की बोआई भी नहीं कर पा रहे हैं।
एक माह पहले गंगा में आई बाढ़ से कल्याणी नदी उफना गई थी। इससे बेहटा कच्छ, लोनारी, भिलोई, बाजीपुरवा, इच्छापुरवा, कुशराजपुर, देवरिया, कछियनपुरवा, पकरियापुरवा, तकिया, चिंगरपुरवा, लहरापुर, छोट्टापुरवा सहित कुल 22 गांव बाढ़ की चपेट में आए थे। करीब 20 दिन बाद बाढ़ का पानी कई गांवों से तो सिमट गया था लेकिन लहरापुर, छोट्टापुरवा व देवरिया के खेतों में अभी भी भरा है। अधिकांश खेतों में पकी धान की फसल जमीन पर गिर जाने के कारण अंकुरित हो गई है।
पानी भरा होने से अधिकांश फसल कट नहीं पा रही है। ऐसी स्थिति में खेतों में नमी तो दूर पानी ही कम नहीं हो रहा है, जिससे आलू की फसल के लिए खेत तैयार नहीं हो पा रहे हैं। जिन किसानों ने धान की फसल ठेके पर लेकर बोई थी, उनकी आर्थिक हालत खराब हो गई है। लेखपाल अमोल पटेल ने बताया कि खेतों में खड़ी धान की फसल का सर्वे लगभग पूरा हो चुका है। रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही यह रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी। तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य ने बताया कि मुआवजा मिलने से किसानों को काफी हद तक राहत मिलेगी।