मौरावां। हिलौली क्षेत्र के रजवाड़ा गांव में मंगलवार को जय मणिबीर बाबा कमेटी ने दंगल का आयोजन किया। दूसरे जिलों और प्रांतों से आए पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाए। रोमांचक कुश्तियां देखने के लिए भारी भीड़ जुटी। संतकबीर नगर के पहलवान सर्वेश तिवारी ने चीता पहलवान को पटकनी देकर दंगल केसरी बने।
प्रतियोगिता में अनिल बनारस, सरवन कानपुर, गोलू बनारस, जगन गोरखपुर, बसंत बसीगवां, साजन कानपुर, गुड्डू कानपुर, विजय फतेहपुर, कुलदीप साई सेंटर, तूफान सिंह बनारस, मोहित लखनऊ, कोमल बनारस, मुस्कान कानपुर और गंगा पंजाब समेत कई पहलवानों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में पंजाब के चीता पहलवान और संत कबीरनगर के सर्वेश तिवारी के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। कड़े मुकाबले में सर्वेश तिवारी ने चीता पहलवान को पटकनी देकर जीत हासिल की और दंगल केसरी का खिताब अपने नाम किया।
ग्राम प्रशासक राजबहादुर सिंह ने बताया कि दंगल जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक खेल संस्कृति को जीवित रखने के साथ युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और खेल भावना विकसित करते हैं। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। आयोजक राहुल सिंह, देवकांत त्रिपाठी, नारायण सिंह, पम्मू सिंह, नानबाबू, मुन्ना, बबलू सिंह, अवध बिहारी, लालू यादव, रामबिलास और सुरेश कुमार समेत भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।