बांगरमऊ। भाई और उसके दोस्त के साथ तालाब में नहाने गए बच्चे का पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर घर वालों के साथ ग्रामीणों ने आधा घंटा तक तलाश कर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाली क्षेत्र के डहन गांव निवासी पूरन का बेटा ऋतिक (10) बड़े भाई नितिन और गांव के ही सौरभ पुत्र बहादुर के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। यह देखकर सौरभ ने गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। तालाब में तलाश शुरू की। आधा घंटा बाद उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकालकर सीएचसी लाए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना पर मां सरोजनी, भाई नितिन और हर्षित बेहाल हैं। पिता पूरन ने बताया कि बेटा कक्षा पांच का छात्र था। वह आज स्कूल नहीं गया था। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।