ट्रेड शो में सहभागिता का प्रमाणपत्र लेते उद्यमीँ। स्रोत: उद्यमी।
उन्नाव। ग्रेटर नोएडा में चल रहे पांच दिवसीय उप्र इंटरनेशनल ट्रेड शो का मंगलवार को समापन हो गया। इस ट्रेड शो में जनपद के आठ उद्यमियों ने भाग लिया था। उन्हें करीब सात करोड़ रुपये के आर्डर मिले हैं।
25 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में उप्र इंटरनेशनल ट्रेड शो शुरू हुआ था। इसमें जनपद के आठ उद्यमियों को स्टॉल लगाने का मौका मिला था। माडर्न एग्जिम्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से शुभम सिंह, अब्दुल्ला टेनरी से अल्तमस वारसी, सुपर हाउस लिमिटेड से हरेंद्र पाल सिंह, जयबुंको इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से मोहम्मद शोएब, ली क्राफ्ट इंडिया से मोहम्मद यूनुस लेदर के जूतों के स्टॉल लगाए थे। सीएफसी मियागंज से राशिद जारी ने जरदोजी के उत्पादों का प्रदर्शन किया था। खाद्य प्रसंस्करण में बक्सर के सुनील कुमार ने कुशली व करोवन के अमन कुमार ने नटी विलेज का पीनट बटर का स्टॉल लगाया था।
सोमवार तक उद्यमियों को 85 देशों से आए विदेशी खरीदारों से पांच करोड़ के आर्डर मिले थे। मंगलवार को अंतिम दिन भी शानदार रहा। आखिरी दिन करीब दो करोड़ के लेदर जूते, पीनट बटर, बक्सर की कुशली, जरदोजी के परिधानों के आर्डर मिले। उद्यमियों ने बताया कि ट्रेड शो उनके लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ है। आर्डरों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि अभी कुछ लोग नंबर लेकर गए हैं। जल्द ही आर्डर देने का आश्वासन दिया है। निवेश मित्र रवि कुमार का कहना है कि अभी पूरी डिटेल नहीं मिल पाई है। बुधवार को उद्यमियों के वापस लौटने के बाद ही पूरी जानकारी मिल सकेगी।