उन्नाव। विद्युत प्रवर्तन दल ने अलग-अलग स्थानों पर जांच की। इसमें बिजली चोरी के चार मामले पकड़े। चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अवर अभियंता दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने बीघापुर थाना क्षेत्र के मुन्नाखेड़ा गांव में जांच की। भीषम सिंह के परिसर में बिना मीटर छह किलोवाट भार की बिजली का उपभोग होता मिला। उनके परिसर से पहले लगा मीटर गायब पाया गया। इसी अभियान में आशुतोष सिंह के परिसर में भी मीटर नहीं मिला। यहां लगभग तीन किलोवाट भार की बिजली का इस्तेमाल हो रहा था। राजकुमार सिंह के कनेक्शन से जुड़े परिसर में मीटर नहीं था। एलटी लाइन से सर्विस केबल जोड़कर करीब छह किलोवाट भार की बिजली इस्तेमाल की जा रही थी।
औरास क्षेत्र के करौंदी गांव में विटाना देवी के आवासीय परिसर की जांच की गई। यहां मीटर से पहले की केबल काटकर उसमें एक अतिरिक्त केबल जोड़ी गई थी। इससे मीटर को बाईपास कर करीब चार किलोवाट भार की बिजली का इस्तेमाल हो रहा था। दल ने मौके पर जांच रिपोर्ट तैयार की और कार्रवाई की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई। प्रवर्तन दल की तहरीर पर थाना एंटी पावर थेफ्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।