फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: जाजमऊ गंगा पुल... तीन दिन का ट्रायल सफल, आंशिक बदलाव के साथ तीन महीने के लिए डायवर्जन लागू

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के लिए भारी वाहनों के कानपुर जाने पर रोक लगाकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान के तीन दिन का ट्रायल सफल रहा। प्रशासन ने आंशिक बदलाव कर इसे 13 दिसंबर तक के लिए लागू कर दिया है।
विज्ञापन




एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि सरैयां रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर जाम और रेल यातायात प्रभावित होने के कारण यहां वनवे रहेगा। कानपुर की ओर से आने वाले वाहन ट्रांसगंगा सिटी के अंदर से होकर सहजनी से निकलेंगे। बंथर औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले भारी वाहनों को पुष्टि के बाद गदनखेड़ा और आजाद मार्ग से जाने दिया जाएगा। कुछ स्थानों पर हाइट गेज बैरियर और मार्ग प्रकाश की व्यवस्था भी जाएगी।



उन्नाव और कानपुर जिले की सीमा पर स्थित जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत का काम निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति दे दी है। मरम्मत का काम 13 दिसंबर तक पूरा करना होगा। तब तक भारी वाहन लखनऊ से कानपुर जाने वाले पुल से कानपुर की तरफ नहीं जा सकेंगे। मंगलवार को डीएम घनश्याम मीना, एसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह, टीआई सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने डायवर्जन रूटों का निरीक्षण किया। सरैयां रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और इसकी वजह से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित होने की समस्या को हल करने के लिए यातायात में बदलाव किया गया है।
विज्ञापन




एएसपी ने बताया कि कानपुर की तरफ से आने वाले वाहन ट्रांसगंगा सिटी के रास्ते से सहजनी गांव के अंदर से उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर निकलेंगे। बंथर औद्योगिक क्षेत्र से माल लोड-अनलोड करने के लिए जाने वाले वाहनों को भी लखनऊ और कानपुर की तरफ से नहीं रोका जाएगा। मोहनलालगंज-मौरावां-बिहार-बक्सर मार्ग पर जहां भी रोड मार्किंग या सड़क खराब है उसे पीडब्ल्यूडी उसे तुरंत ठीक कराएगा। वहीं डायवर्जन प्लान फाइनल होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के काम में और तेजी आ गई है। बेयरिंग बदलने के लिए पुल के स्पॉन को उठाने के लिए हाइड्रोलिक जैक के साथ ही कर्मचारियों को काम करने के लिए हैंगिंग प्लेटफॉर्म लगाने का काम शुरू हो गया है। एनएचएआई के मैनेजर सुधीर नैथानी ने बताया कि बुधवार से मरम्मत के काम और तेजी से शुरू हो जाएंगे।

डायवर्जन पॉइंटों पर रेंगा यातायात, कई बार लगा जाम
अचलगंज। डायवर्जन के तीसरे दिन भी सुबह के वक्त अधिक वाहन न होने से यातायात सामान्य रहा। दोपहर बाद से जैसे ही वाहनों की संख्या बढ़ी डायवर्जन पॉइंट पर जाम उलझने लगा। लखनऊ-कानपुर हाईवे और उन्नाव-लालगंज हाईवे को जोड़ने वाले गदनखेड़ा चौराहा पर भारी वाहनों को रायबरेली की ओर भेजा गया जबकि सरकारी व प्राइवेट बसों को सीधे जाने दिया गया।
इस दौरान भारी वाहनों के चालकों और यातायात डायवर्जन में लगे एनएचएआई के कर्मचारियों के बीच बहस भी होती रही। रूट की पूरी जानकारी न होने से चालक वाहनों को लालगंज हाईवे पर रोक कर रूट की जानकारी करते रहे। रायबरेली हाईवे को बदरका मार्ग से कानपुर हाईवे और गंगा बैराज मार्ग को जोड़ने वाले आजाद मार्ग चौराहा का भी यही हाल रहा। यहां भी यातायात कई बार उलझा।



शुक्लागंज गंगा पुल पर बढ़े वाहन, लग रहा जाम
छोटे यात्री वाहन बढ़ने से शुक्लागंज में जाम बसों के लंबा चक्कर लगाकर कानपुर जाने के कारण लोग, टेंपो, ऑटो, ई-रिक्शा से कानपुर आवागमन कर रहे हैं। बसों से मरहला चौराहा पर उतर कर यात्री दूसरे साधनों से शुक्लागंज के रास्ते कानपुर जा रहे हैं। इससे इस रूट पर यात्री वाहनों की संख्या बढ़ने से नवीन गंगा पुल पर कई बार जाम लगता रहा। शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक कई बार लंबी कतारें भी लगीं।

फोटो-34-डंपर पलटने के कारण बिहार-बक्सर मार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद

बिहार-बक्सर मार्ग पर डंपर पलटा, पांच घंटे जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पाटन। कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, बांदा, हमीरपुर सहित अन्य जिलों को जाने वाले भारी वाहन डायवर्जन लागू होने से लखनऊ से मोहनलालगंज-मौरावां-बिहार-बक्सर मार्ग होकर कानपुर-प्रयागराज हाईवे जा रहे हैं। दो लेन मार्ग पर भारी वाहनों की भरमार से दिन में कई बार जाम लगता है।
मंगलवार सुबह मनिकापुर गांव के पास एक डंपर पलटने से चार घंटे तक भीषण जाम रहा। मंगलवार सुबह लखनऊ से प्रयागराज हाईवे की ओर जा रहा खाली डंपर सुबह मनिकापुर गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को साइड देने में अनियंत्रित हो गया। अगला इंजन वाला हिस्सा खंती में जाने से डंपर पूरी सड़क पर आड़ा-तिरछा होने से यातायात रुक गया।
पैदल और दो पहिया वाहन सवार, जोखिम के बीच डंपर के नीचे से निकलते रहे। लंबा जाम होने से पुलिस को क्रेन पहुंचाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब नौ बजे डंपर को हटाया जा सका इसके बाद यातायात शुरू हो सका। वाहनों की संख्या बढ़ने से मौरावां मोड़, सुमेरपुर तिराहा, भगवंतनगर, ऊंचगांव और बक्सर पुल से पहले मोड़ पर यातायात बाधित रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें