उन्नाव। बेटे का सिर काटकर मां के हाथ में देने की धमकी के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने पहले उसके प्रार्थनापत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।
सदर कोतवाली के एबीनगर निवासी नसरीन ने बताया कि जोहेब खान, साबेज खान, भोलू और पहलवान उसे व उसके बेटे को परेशान करते हैं। ये लोग नसरीन के बेटे पर 20 लाख रुपये कर्ज लेने का आरोप लगाते हैं। नसरीन के अनुसार बेटे ने उसे इस कर्ज की कोई जानकारी नहीं दी है। आरोपी आए दिन गाली-गलौज करते हैं, बेटे का सिर काटने की धमकी देते हैं और मारपीट भी करते हैं।
नसरीन ने बताया कि 21 जुलाई को दोपहर एक बजे जोहेब और साबेज ने फोन पर धमकी दी। कहा कि उन्हें रुपये नहीं, बल्कि उसके बेटे का सिर चाहिए। इस घटना के बाद नसरीन ने पुलिस को जानकारी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोतवाली के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई न होने पर नसरीन ने न्यायालय की शरण ली और प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश हुए। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि महिला की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ धमकी, मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।