पुरवा। निर्माणाधीन स्थल से भवन सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
हरदोई जिले के थाना सांडी के मकसूदपुर निवासी दुर्गेश ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बैगांव में गोशाला निर्माण का ठेके पर काम चल रहा है। निर्माणाधीन स्थल से कई दिनों से सामग्री चोरी हो रही थी। 18 अगस्त की रात 9:30 बजे खाना लेने मंगतखेड़ा जा रहे थे। बैगांव भट्ठे के पास मुख्य मार्ग पर आगे चल रही बाइक में लगी नंबर प्लेट से नंबर गायब दिखे। उसमें दो युवक बैठे थे और एक बोरी बीच में रखे थे। शक होने पर बाइक रुकवाकर बोरी की जांच की तो उसमें सरिया के रिंग निकले। रिंग निर्माण स्थल के थे।
इस पर ठेकेदार ने यूपी-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली लाई। पूछताछ में एक ने अपना नाम अनिल और दूसरे ने जगतनारायण निवासी कासूखेड़ा बताया। ठेकेदार की तहरीर पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।