पाटन। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के सातन में ऑटो पलटने से शिक्षामित्र की मौत हो गई। सूचना घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। परिजन रायबरेली चले गए।
बिहार थाना क्षेत्र के दुबाई गांव निवासी श्यामदुलारी (43) गांव के ही प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र थीं। रविवार को देवरानी रामदुलारी को डॉक्टर को दिखाने रायबरेली जिले के लालगंज कस्बा गई थीं। शाम को घर आते समय हाईवे पर रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के सातन गांव के पास ऑटो के सामने अचानक बंदर आ गया। इससे ऑटो बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में श्याम दुलारी की घटनास्थल पर मौत हो गई। देवरानी रामदुलारी को हल्की चोटें आईं। मौत की सूचना से घर में चीख पुकार मच गई। पति बच्चूलाल मेरठ में गाड़ी चलाते हैं। बेटा अर्जुन और बेटी की शादी हो चुकी है। बड़े बेटे करन की भी चार साल पहले मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी।