फोटो-7-तेज धूप से बचाव के लिए चेहरे को कपड़े से ढककर जाती महिला। संवाद
उन्नाव। तीन दिन से बारिश न होने से फिर पारा चढ़ने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। इससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया। मौसम विशेषज्ञ ने अगले दो दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है।
शुक्रवार को तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया था। तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। हालांकि इसके बाद से मौसम फिर से गर्म होने लगा। शनिवार से सोमवार के बीच तेज बारिश न होने से उमस के साथ गर्मी बढ़ गई है। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है लेकिन बिन बरसे ही निकल जा रहे हैं। इससे लोगों को फिर से भीषण गर्मी का दंश झेलना पड़ रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि वातावरण में नमी मौजूद होने और फ्लो बढ़ने से 14 जुलाई तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना बनी रहेगी। हालांकि सतही तेज हवाएं चलने और धूप निकलने पर उमस भरी गर्मी भी परेशान करती रहेगी।