उन्नाव। जिला अस्पताल का ट्रांसफार्मर जल जाने से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति जनरेटर के सहारे रही। शनिवार सुबह दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया, इसके बाद करीब 12 बजे आपूर्ति सामान्य हुई। शनिवार को 28 मरीजों की सीटी स्कैन जांच हुई। एसी और कूलर चलने से स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों ने राहत की सांस ली।
जिला अस्पताल में लगा 400 केवी का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे जल गया था। इससे पूरे अस्पताल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि तीन जनरेटर के सहारे बिजली आपूर्ति की गई लेकिन अत्यधिक बिजली खपत वाले उपकरण नहीं चल सके। इससे सीटी स्कैन, मैनुअल एक्सरे आदि बाधित रहे वहीं एसी और कूलर न चलने से डॉक्टर, कर्मचारी और मरीज व तीमारदार उमस भरी गर्मी में परेशान रहे। शुक्रवार रात दूसरा ट्रांसफार्मर पहुंच और शनिवार सुबह करीब दस बजे लगा दिया गया। सीएमएस डॉ. सुनील कुमार शुक्ला ने बताया कि अस्पताल की बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।