फोटो-27- जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों व तीमारदारों की कतार। संवाद
उन्नाव। छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। इससे अफरा-तफरी का माहौल रहा। डायरिया के 23 और बुखार के पांच मरीज इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किए गए।
सोमवार को ओपीडी में 1510 मरीज पहुंचे जिनमें बुखार, डायरिया व अन्य संक्रमण से पीड़ित 556 बच्चे थे। सुबह जल्दी दिखाकर तेज धूप होने से पहले लौटने की जल्दबाजी में सुबह आठ बजे से ही पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी गैलरी तक लंबी कतारें लग गईं। फिजीशियन और बालरोग विशेषज्ञ को दिखाने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
डायरिया के 23 और बुखार के पांच मरीजों की हालत गंभीर होने पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। बेड की कमी के कारण एक बेड पर दो-दो मरीज लिटाए गए। फिजीशियन डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि बच्चों को तेज गर्मी से बचाने और अधिक से अधिक पानी व तरल पदार्थ खिलाने की सलाह दी गई है। बताया कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से कटे फलों का सेवन न करें। (संवाद)