उन्नाव। बांगरमऊ थाना क्षेत्र में 15 जून को सुबह पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपी इजराइल उर्फ इसराइल की मौत हो गई। नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह घटना की मजिस्ट्रियल जांच कर रहे हैं।
15 जून की सुबह स्वॉट टीम और बांगरमऊ पुलिस से मुठभेड़ में हत्यारोपी इजराइल घायल हो गया था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इजराइल बांगरमऊ के पुरबिया टोला का निवासी था। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने चार जुलाई तक लिखित या मौखिक बयान और साक्ष्य प्रस्तुत करने की अपील की है। बताया कि साक्ष्य उनके कार्यालय में या रजिस्टर्ड डाक से भेजे जा सकते हैं। (संवाद)