फोटो-40- गांधीनगर तिराहा से जिला अस्पताल तक निर्माणाधीन नाला। संवाद
उन्नाव। शहर के गांधीनगर तिराहा से जिला अस्पताल तक लगने वाले जाम से निजात के लिए नगर पालिका 86 लाख की लागत से 350 मीटर लंबे कंक्रीट के नाले का निर्माण करा रही है। निर्माण में लापरवाही जलभराव का कारण बन सकती है। कई स्थानों पर नाला सड़क से डेढ़ फीट ऊंचा बना दिया है। जिम्मेदार सफाई दे रहे हैं कि जहां नाला ऊंचा हो गया है, वहां कंक्रीट की दीवार में छेद करा देंगे जिससे पानी निकल जाएगा।
मालूम हो कि शहर के गांधीनगर तिराहा और जिला अस्पताल रोड पर लगने वाले जाम से निपटने और सुंदरीकरण के लिए करीब दो करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। सुंदरीकरण और कुछ विकास कार्यों का लोकार्पण हो चुका है लेकिन तिराहा से जिला अस्पताल तक निर्माणाधीन 350 मीटर लंबे नाला का काम पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण के दौरान एजेंसी की ओर से बरती गई लापरवाही बड़ी मुश्किल बन सकती है। सोमवार रात हुई हल्की बारिश का भी पानी काफी देर बाद निकल सका। लोगों का कहना है कि अगर सुधार न किया गया तो यह नाला, सड़क पर जलभराव की वजह बन जाएगा।
नगर पालिका ईओ एसके गौतम ने बताया कि कुछ स्थानों पर शटरिंग सड़क के लेवल के अनुसार न लगाने से नाला ऊंचा हो गया है। जिन स्थानों पर यह समस्या है वहां पर ड्रिल मशीन से छेद कराकर पानी निकासी का रास्ता बनाया जाएगा। समय-समय पर उनकी सफाई होती रहेगी, जलभराव की समस्या नहीं होगी।