फोटो- 39-आशीष विश्वकर्मा (फाइल फोटो)
सोनिक। शारदा नहर में बिजली विभाग के टीजी-टू (तकनीकी ग्रेड-2) कर्मी का शव उतराता मिला। औद्योगिक गलियारे में चल रहा बिजली का काम देखने गए थे। सोमवार देर शाम शव मिलने पर परिजनों को सूचना दी गई।
सदर कोतवाली के कब्बाखेड़ा निवासी आशीष विश्वकर्मा (35) बिजली निगम में टीजी-टू के पद कार्यरत थे। वह इस समय सोनिक पावर हाउस के चमरौली प्रथम और द्वितीय फीडर का काम देख रहे थे। इस समय गंगा एक्सप्रेसवे के पास स्थित औद्योगिक गलियारे में विद्युतीकरण का काम चल रहा है। सोमवार दोपहर वह लगाए जा रहे बिजली पोल देखने गए थे। इसी दौरान उन्होंने पत्नी सरिता से वीडियो कॉल पर बात की और अत्यधिक गर्मी होने और नहर में नहाने का मन होने की बात बताई। पत्नी के मुताबिक उन्होंने नहर में नहाने से मना किया था, क्योंकि आशीष को तैरना नहीं आता था। पत्नी के मुताबिक आखिरी बार शाम 3:30 बजे बात होने के बाद उनका फोन भी नहीं लगा। शाम सात बजे तारगांव के पास नहर में शव मिलने की सूचना मिली। आशीष तीन भाई में दूसरे नंबर के थे। पिता किसान हैं। बेटे की मौत से मां शकुंतला, बेटी अनिका और अवनी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कपड़े और मोबाइल नहर किनारे मिला है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।