फोटो-4- कपड़े की दुकान में आग लगने से हुए नुकसान का आंकलन करते लेखपाल कुलदीप। स्रोत: पाठक
फतेहपुर चौरासी। कस्बे में स्थित कपड़े की दुकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पीड़ित के अनुसार करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लोगों ने दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पाया। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया।
नगर पंचायत फतेहपुर चौरासी की मुख्य बाजार स्थित दुकान के मालिक श्यामजी वर्मा ने बताया कि सराफा के ऊपर कपड़ा और साड़ी की दुकान है। बुधवार की रात 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। कुछ देर बाद ही कस्बे में ही रहने वाले जितेंद्र सोनी फोन करके कपड़े की दुकान से तेज धुआं निकलने की जानकारी दी। बताया कि दो मंजिला दुकान में ऊपर की दुकान से लपटे देख बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे और करीब चार घंटे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंचा और आग को पूरी तरह बुझाया। पीड़ित के अनुसार बिजली के तार या इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट होने से घटना हुई है। बताया कि कपड़ा, फर्नीचर सहित 10 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। लेखपाल कुलदीप ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया है। अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देंगे। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आग से सिर्फ सामान जला है, कोई हताहत नहीं हुआ है।