उन्नाव। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को निर्देशों की अवहेलना पर डीआरएम ने निलंबित कर देने की चर्चा है। उन्हें तत्काल उन्नाव स्टेशन का चार्ज न छोड़ने पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
शनिवार को डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने गंगाघाट रेलवे स्टेशन और ट्रैक मरम्मत की तैयारियों को जांचने के लिए गंगा नदी के रेलवे पुल का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्नाव स्टेशन और फिर तकिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। उन्नाव स्टेशन के निरीक्षण के दौरान, डीआरएम के साथ आए यातायात निरीक्षक अनिलेश वर्मा ने स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन जोशी को निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ रहने और जानकारी देने के लिए कहा था लेकिन उन्होंंने इन्कार कर दिया। निर्देशों का पालन न करने और कार्य में लापरवाही पर डीआरएम ने उन्हें तत्काल स्टेशन का चार्ज छोड़ने का निर्देश दिया है। इस संबंध में डीआरएम से जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनके जनसंपर्क अधिकारी सुशील जायसवाल ने उन्हें ऐसी कोई जानकारी न होने की बात बताई। स्टेशन अधीक्षक ने भी फोन रिसीव नहीं किया।