फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: हाईवे के पांच ब्लैक स्पॉट होंगे 130 करोड़ से दुरुस्त

विज्ञापन
फोटो-1- कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आशा खेड़ा चौराहे का ब्लैक स्पॉट। संवाद - फोटो : गौरीगंज ​स्थित गोविंद गैस एजेंसी के बाहर बैठे उपभोक्ता।
विज्ञापन
खास खबर
विज्ञापन




उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाम और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 130 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस धनराशि से एनएचएआई 82 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर पांच दुर्घटना बहुल स्थानों को खत्म करेगा। इसके तहत तीन पुल, एक फुटओवरब्रिज और दो सर्विस रोड का निर्माण होगा। अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल से सई नदी पुल तक पांच ऐसे स्थान हैं जहां लगभग हर दिन कोई न कोई हादसा होता है। सड़क सुरक्षा समिति में बार-बार मुद्दा उठने पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एनएचएआई को वृहद कार्ययोजना बनाने के लिए पत्र भेजा था। जिलाधिकारी ने टीम के साथ हाईवे पर 16 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए थे। इनमें से 11 स्थानों पर छोटे सुधार किए गए लेकिन पांच स्थानों पर अधिक लागत वाले कामों की जरूरत थी। एनएचएआई ने पांच स्थानों पर काम कराने के लिए 130 करोड़ रुपये की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी थी। अगस्त 2024 में टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई थी। एनएचएआई की लखनऊ यूनिट टेंडर डालने वाली निर्माण एजेंसियों की तकनीकी और वित्तीय बिड की जांच कर रही है।
विज्ञापन




ये होंगे प्रमुख कार्य

उन्नाव-पुरवा मार्ग से जोड़ने वाले दही चौकी तिराहा पर पुल की लंबाई बढ़ाई जाएगी। पुरवा मोड़ पर अंडरपास भी बनाया जाएगा। इससे पुरवा और मौरावां मार्ग से मोहनलालगंज के रास्ते लखनऊ जाने-आने वाले वाहन इसी अंडरपास से निकलेंगे। कानपुर व लखनऊ की ओर जाने-आने वाले वाहन पुल से बिना रुके आवागमन कर सकेंगे।

नवाबगंज कस्बे में हाईवे के तिराहे पर पुल बनेगा। यहां नवाबगंज कस्बा मार्ग और ब्लॉक कार्यालय व पीएचसी, हाईवे से सटे होने से अक्सर हादसे होते हैं। यहां पुल बनने से यातायात सुरक्षित और सुगम होगा।



आशा खेड़ा में दो ओर बनाई जाएगी सर्विस रोड



आशा खेड़ा में भी लगभग हर दूसरे दिन कोई न कोई हादसा होता है। यहां पर हाईवे के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई जाएगी। ग्रामीण रास्तों से आने-जाने वाले वाहन सवार इस सर्विस रोड का उपयोग करेंगे जिससे हादसे रुकेंगे। चमरौली चौराहा भी दुर्घटना बहुल स्थान है। यहां एनएचएआई फुटओवरब्रिज और हाईवे के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाएगा। दोनों तरफ के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे। यहां के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं भी हाईवे पार करने के बजाय फुटओवरब्रिज से सुरक्षित आवागमन करेंगी।

कानपुर हाईवे पर जाजमऊ की तरफ त्रिभुवन खेड़ा चौराहा के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे रायबरेली हाईवे और गंगा बैराज व शुक्लागंज की ओर जाने-आने वाले वाहन सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे।

-



इस साल जा चुकी 61 लोगों की जान

इस साल अब तक जिले में 162 सड़क हादसे हुए हैं। इनमें 61 लोगों की मौत हुई जबकि 187 लोग घायल हुए हैं। इनमें लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हुए 37 सड़क हादसों में 19 लोगों की जान गई। 28 लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन




वर्जन....

हाईवे पर हादसे रोकने के लिए ब्रिज, फुटओवर ब्रिज और सर्विस रोड बनाने की स्वीकृति मिली है। इस काम पर करीब 130 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उनकी स्क्रूटनी की जा रही है। प्रक्रिया और मानक पूरी करने वाली निर्माण एजेंसी का टेंडर स्वीकृत करते हुए काम शुरू कराया जाएगा। -नकुल कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।

फोटो-1- कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आशा खेड़ा चौराहे का ब्लैक स्पॉट। संवाद- फोटो : गौरीगंज स्थित गोविंद गैस एजेंसी के बाहर बैठे उपभोक्ता।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें