पाटन (उन्नाव)। बिहार थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक रेखा द्विवेदी ने अपने ही विभाग की कार्यशैली से परेशान होकर नौकरी से त्यागपत्र देने की इच्छा जताई है। उन्होंने आईजी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र दिया है। उन्होंने लखीमपुर खीरी में हुई एक घटना में न्याय न मिलने और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है।
बिहार थाना में तैनात उपनिरीक्षक रेखा द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि 29 मार्च 2024 को लखीमपुर खीरी में उनकी तैनाती के दौरान कुछ अराजकतत्व उनके किराए के आवास में घुस आए थे और अभद्रता कर मारपीट की थी। बताया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के बावजूद प्राथमिकी तो दर्ज हुई लेकिन बाद में समझौते का दबाव बनाया जाने लगा।
आरोप है कि घटना के समय उनकी 11 साल की बेटी भी साथ थी। आरोप लगाया कि नियमानुसार बयान दर्ज किए बिना ही आरोपियों पर चार्जशीट लगा दी गई। समझौता न करने पर उनका और उनके पति का अलग-अलग जिलों में तबादला कर दिया गया। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिला उपनिरीक्षक रेखा द्विवेदी ने पुलिस अधिकारियों को दिए गए पत्र में लिखा है कि वह स्वयं को न्याय न मिलने से आहत हैं। उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा देने और बकाया देयकों के भुगतान की मांग की है।
सीओ मधुपनाथ मिश्र ने बताया कि प्रकरण जानकारी में आया है लेकिन अभी तक उन्हें कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलने पर जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।