उन्नाव। महाशिवरात्रि पर्व और शहर में शोभा यात्रा के कारण आज रविवार को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक शहर में ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि हल्के और भारी व्यावसायिक वाहन शहर की तरफ नहीं आ सकेंगे।
बताया कि ई-रिक्शा और ऑटो, सदर बाजार, छोटा चौराहा और नगर पालिका चौराहा से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। आवास विकास बाईपास से आने वाले सभी भारी व्यावसायिक वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इन वाहनों को अजगैन-मोहान की तरफ से भेजा जाएगा।हरदोई, बांगरमऊ और सफीपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन शहर की तरफ नहीं आ सकेंगे। इन्हें चकलवंशी चौराहा से मियागंज की ओर भेजा जाएगा।
हाईवे के गदनखेड़ा बाईपास चौराहा से शहर की तरफ आने वाले भारी वाहन बदरका चौराहे से जा सकेंगे। इन्हें शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। शुक्लागंज के मरहला चौराहा से शहर की तरफ से भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें आजाद मार्ग चौराहा से मोड़ा जाएगा। कब्बाखेड़ा से पुलिस कार्यालय या कचहरी की तरफ बड़े चौराहा की तरफ ई-रिक्शा व निजी वाहन, शोभा यात्रा के दौरान कचहरी पुल से बड़ा चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें हरदोई रोड पुल से निकाला जाएगा।
गांधीनगर तिराहा से छोटे चौराहा व सदर बाजार की ओर भी ई-रिक्शा सहित सभी तरह के वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। इन्हें गदनखेड़ा बाईपास चौराहा से भेजा जाएगा। हरदोई ओवरब्रिज से नगर पालिका चौराहा की तरफ वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।