परियर (उन्नाव)। कानपुर जाने के लिए निकले सूअर पालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक समेत शव सड़क किनारे खंती में पड़ा मिला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पता चला। पिता ने बताया कि दूल्हे को दहेज में मिली कार ने टक्कर मारी है। जांच में इसकी पुष्टि हुई। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के परियर गांव निवासी सुरेंद्र कठेरिया (30) सूअर पालन के साथ खरीद-फरोख्त भी करता था। बृहस्पतिवार की रात 8.30 बजे घर से कानपुर जाने की बात कह बाइक से निकला था। रात में घर नहीं लौटा। परिजन तलाश करते रहे लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह घर से दो किलोमीटर दूर परियर-बिठूर मार्ग पर माना बंगला तिराहे के पास लगभग 20 फीट गहरी खंती में बाइक सहित पड़ा मिला। सूचना पर परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पिता ने बताया कि बेटे को टक्कर मारने के बाद शव खंती में फेंका गया।
बताया कि कानपुर कल्याणपुर से यहां के एक गेस्टहाउस में बरात आई थी। उसमें दूल्हे को दहेज में मिली नई कार से बेटे को टक्कर लगी है। पुलिस की जांच में मामला सही पाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने पहले कार बरामद करने फिर अंतिम संस्कार की बात कही।
सफीपुर एसओ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन कार को ट्रैस कराकर उसे कब्जे में लिया। तब परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। सुरेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई बबलू उन्नाव में और छोटे भाई बीरेंद्र गांव में रहते हैं। पति की मौत से पत्नी प्रीती, बेटी रिद्धिका, बेटे कुंज और रेहान और मां जगदेई बेहाल हैं। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार करा दिया गया है। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गाड़ी भी कब्जे में ली गई है।
अचेत युवक को खंती में फेंकने का आरोप, ट्रैक्टर से निकवाई थी कार
ग्रामीणों के अनुसार टक्कर लगने के बाद बाइक के पहियों के रिम टूट गए और टक्कर मारने वाली कार भी खंती में चली गई थी। आरोप है कि कार सवारों ने अपने बचाव के लिए अचेत बाइक सवार को खंती में फेंक दिया और कार को ट्रैक्टर मंगाकर बाहर निकाला और रात में लेकर चले गए। घायल युवक के रातभर खंती में पड़े रहने से उसकी मौत हो गई। पिता ने कहा कि अगर समय रहते जानकारी होती तो शायद बेटे की जान बच जाती।
फोटो-10-खंती में पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद।- फोटो : बंजारा टाउनशिप में हो रहा विद्युतीकरण कार्य।
फोटो-10-खंती में पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद।- फोटो : बंजारा टाउनशिप में हो रहा विद्युतीकरण कार्य।