मौरावां (उन्नाव)। सड़क हादसे में घायल बग्घी चालक ने बुधवार की रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा ताे परिजन बेहाल हो गए।
मौरावां थानाक्षेत्र के पठई गांव निवासी देशराज (40) घोड़ा बग्घी चलाते थे। 11 फरवरी को शादी की बुकिंग में लखनऊ के निगोहा बग्घी लेकर गए थे। बुधवार देर रात घर लौटते समय लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर सुदौली गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बग्घी में टक्कर मार दी थी। इससे चालक देशराज जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घोड़ों को भी चोट आई थी। साथ रहे देशराज के बेटे रूपेश, पड़ाेसी सूबेदार, दिलीप कुमार को भी चोटें आई थीं।
देशराज को एंबुलेंस से बछरावां सीएचसी ले जाया गया था, वहां से लखनऊ ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। बुधवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। पत्नी मीनू, बेटे रूपेश, बृजेश और रितेश बेहाल हैं। वह सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर के थे। बहनोई रामप्रताप ने बताया कि लोडर को निगोहा पुलिस ने कब्जे में लिया था। बक्सर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
फोटो-1-देशराज (फाइल फोटो)।