उन्नाव। बीघापुर ब्लॉक में निर्वाचक नामावलियों के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नोटिसों का जवाब देने पहुंचे मतदाताओं को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) नहीं मिले। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। घंटों इंतजार करने और ब्लॉक कार्यालय में भटकने के बाद मतदाताओं ने इसकी सूचना एसडीएम को दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने नोटिस संबंधी कागजात जमा कराकर मतदाताओं को वापस भेजा।
शुक्रवार को भैंसई कोयल से निधि और बेबी द्विवेदी एसआईआर नोटिस का जवाब देने बीघापुर ब्लॉक कार्यालय पहुंचीं। उन्हें एईआरओ नहीं मिले। इसी तरह अमरपुर आंव की सुनीता, पप्पी, मेहरबानखेड़ा के विकास कुमार, अखिलेश, कुल्हा बगहा की रेशमा, महाई की गोमती, बिटाना, मर्दनपुर की गंगादेई और ओसियां की नेहा भी अधिकारियों की अनुपस्थिति से परेशान रहीं।
कुछ मतदाताओं ने सीधे एसडीएम को फोन कर अपनी समस्या बताई कि अधिकारी न मिलने के कारण उनके नोटिसों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम रणवीर सिंह तत्काल ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने परेशान मतदाताओं से उनके नोटिस के जवाब से संबंधित कागजात जमा किए, उन्हें एक रजिस्टर में दर्ज किया और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की। एसडीएम ने बताया कि जो मतदाता निर्धारित तिथि में उपस्थित नहीं हुए, उन्हें अब शिविर लगाकर समाधान प्रदान किया जा रहा है।
राजनीतिक दलों को एसआईआर प्रगति की जानकारी
उन्नाव। कलक्ट्रेट के पन्नालाल हाल में जिलाधिकारी (डीएम) गौरांग राठी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसआईआर की अब तक की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अब तक 68,206 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 9,333 का निस्तारण किया जा चुका है। एसआईआर के तहत 2.68 लाख नोटिसों की सुनवाई चल रही है, जो 27 फरवरी तक जारी रहेगी। डीएम ने किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जानकारी देने का आग्रह किया। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भरने और जमा करने की प्रक्रिया बताई गई।
डीईओ पोर्टल का लिंक https://unnao.nic.in/assembly-wise पर उपलब्ध है। जिन मतदाताओं की मैपिंग वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से नहीं हो पाई है, उनके लिए आयोग से 54 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए भेजा गया है। बैठक में एडीएम वित्त राजस्व सुशील कुमार गोंड, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।